सोमवार, 9 जनवरी 2017

हाथरस- कुत्ता काटे के इंजेक्शन न मिलने पर हंगामाःतीखी नोंकझोंक

हाथरस। बागला सिविल संयुक्त जिला अस्पताल में आज कुत्ता काटे के इंजैक्शन नहीं लगाये जाने पर मरीजों की भीड़ भड़क गई और जमकर हंगामा व हायतौबा की तथा अस्पताल स्टाफ व सीएमएस से भीड़ की तीखी नोंकझोंक भी हो गई।
जानकारी के मुताबिक बागला सिविल संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी कल रविवार की छुट्टी के बाद आज खुली तो मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी जिसमें सबसे ज्यादा लम्बी लाइन कुत्ता काटने से घायल लोगों की थी। मरीजों को एंटी रैबीज इंजेक्शन   जहां धड़ाधड़ तरीके से लगाये जा रहे थे, वहीं दोपहर आने तक अस्पताल स्टाॅफ द्वारा मरीजों को इंजेक्शन लगाना बन्द कर दिया गया, जिससे मरीज भड़क गये और जमकर हायतौबा करते हुये हंगामा करने लगे। हंगामा करती भीड़ से अस्पताल स्टाफ व सीएमएस की तीखी नोंकझोंक भी हो गई।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सुबह से करीब डेढ़ सौ से ज्यादा मरीजों को इंजेक्शन लगाये जा चुके हैं। जबकि हंगामा कर रहे लोग वह हैं जो सासनी, सहपऊ, सादाबाद से यहां आये हैं।

हाथरस- कालौनी में छाया 9 दिन से अंधेरा: प्रदर्शन

हाथरस। शहर के नगला अलगर्जी स्थित लक्ष्मीपुरम कालौनी में नई साल वाले दिन से आज तक लाइट नहीं आने पर कालौनी के लोगों का सब्र टूट गया और उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर कोसा। लोग पानी आदि की समस्याओं को लेकर परेशान हैं और रात को अंधेरा छाया रहता है।
नगला अलगर्जी स्थित लक्ष्मीपुरम कालौनी में नववर्ष वाले दिन से बिजली नहीं आने से लोग परेशान हैं तथा रात को जहां अंधेरा छाया रहता है, वहीं लोगों को पानी आदि की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है तथा बच्चे भी नहीं पढ़ पा रहे हैं। कालौनी के लोगों का कहना है कि कई बार कहने के बाद भी विद्युत अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा विद्युत सप्लाई ठीक नहीं करायी जा रही है और इसी के विरोध में क्षेत्रीय लोगों ने प्रदर्शन कर जमकर हायतौबा की और बिजली व्यवस्था चालू कराने की मांग की है।
प्रदर्शन करने वालों में विमला देवी, गीता, कमलेश, ललिता, अशोक कुमार, धीरेन्द्र सिंह, राघवेन्द्र, दीपचन्द, यतेन्द्र, बौबी, सतीश, हेमलता, शिवकुमार, शेखर, वीरू, पप्पू, आरती आदि प्रमुख थे।

हाथरस- नगर पंचायत कार्यालय से अभिलेख चोरी

हाथरस। कस्बा स्थित नगर पंचायत कार्यालय से बीती रात्रि अज्ञात चोरों ने संेंध लगाकर अभिलेखों को चेारी कर ले गये।
कस्बा स्थित नगर पंचायत के कार्यालय के ताले तोड़कर बीती रात्रि को अज्ञात चोर अलमारी से नगर पंचायत के जरूरी अभिलेखों को चोरी कर ले गये। घटना की आज सुबह पता चलने पर मौके पर थाना प्रभारी नरेन्द्रपाल सिंह, नगर पंचायत स्टाफ, चैयरमेन आदि पहुंच गये और पुलिस ने घटना की आवश्यक छानबीन कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

हाथरस- बाइकों की भिडंत में 2 गम्भीर

हाथरस। आज सुबह अलग-अलग हादसों में 3 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें उपचार हेतु बागला अस्पताल लाया गया।
थाना चंदपा क्षेत्र के गांव मीतई के पास 2 बाइकों की भिडंत में सोनू पुत्र साबिर निवासी गांव मीतई व विजय कुमार पुत्र रामसहाय निवासी अम्बाला सिटी हरियाणा घायल हो गये। उधर सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरसै के पास एक रोडवेज बस ने एक तांगे में टक्कर मार दी जिससे तांगा चालक सोनपाल पुत्र हरी प्रसाद निवासी गांव लौहर्रा सासनी घायल हो गया और उसके पैर में फ्रैक्चर भी हो गया। इन सभी को उपचार हेतु बागला अस्पताल लाया गया जहां से विजय को गम्भीर हालत में रैफर कर दिया गया।

हाथरस/सादाबाद- कालाबजारी के लिए जा रहा राशन ग्रामीणों ने पकडकर किया पुलिस के हवाले, राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस ने छोडा

हाथरस/सादाबाद। थाना क्षेत्र के विसाबर क्षेत्र के गांव करसौरा में राशन डीलर की काली करतूत सामने आयी है। ग्रामीणों ने कालाबजारी को जा रहा राशन पकडा और 100 नम्बर डायल कर पुलिस को बुला लिया और  विसाबर चैकी पर पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों का कहना था कि राशन डीलर की कालाबजारी की शिकायत उन्होंने कई बार प्रशासन से की है परन्तु कोई कार्यवाही नही हुयी। तो हमने ने अपने हक के लिए खुद ही यह कदम उठाया। चर्चा है कि पुलिस ने राजनीतिक दबाव के चलते पकडे गये राशन को छोड दिया है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन कालाबजारी करने वाले इस राशन डीलर के खिलाफ क्या कार्यवाही करता है।

हाथरस/सिकन्दराराव- एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र से प्रेमी संग फरार दो बच्चों की मां को महिला के पति ने तहसील परिसर से पकडा, सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों कोतवाली लेकर आयी, पुलिस ने महिला को उसके माता पिता को सौंपा, प्रेमी को भेजा जेल

हाथरस/सिकन्दराराव। कहते है जब इश्क परवान चढता है तो रिश्ते नाते सब दरकिनार हो जाते हैं इसका जीता जागता नजारा सोमवार को तहसील परिसर पर देखने को मिला। जी हां एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र से प्रेमी संग फरार दो बच्चों की मां को महिला के पति ने सोमवार को तहसील परिसर से पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को कोतवाली लेकर आ गयी।  पुलिस ने महिला के माता पिता को सूचना देकर कोतवाली बुला लिया और उसे उसके माता पिता को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने प्रेमी कोगिरफतार कर जेल भेजा है।

गुरुवार, 5 जनवरी 2017

चीन: कोयला खदान में गैस विस्फोट से 5 खनिकों की मौत, 7 फंसे

बीजिंग: मध्य चीन में स्थित एक कोयला खदान में छत गिरने से गैस विस्फोट हो गया जिससे 5 खनिकों की मौत हो गई जबकि 7 अन्य अंदर फंसे हुए हैं। सरकारी प्रसारक सीसीटीवी की खबर के अनुसार, ‘बुधवार रात हेनान प्रांत के देंगफेंग शहर में स्थित भूमिगत खदान के भीतर 51 खनिक काम कर रहे थे, उसी दौरान हादसा हुआ।’

खबर के अनुसार, ‘39 खनिक सुरक्षित बाहर निकल आए जबकि अन्य अंदर ही फंस गए।’ संवाद समिति शिन्हुआ की खबर के अनुसार, ‘खनिक अंदर पंप रूम में मरम्मत कर रहे थे। उसी दौरान छत गिरने से खदान में गैस विस्फोट हो गया।’ कुछ खबरों के अनुसार, ‘मरने वालों में तीन बचावकर्मी हैं, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।’

खदान कंपनी से संपर्क नहीं हो सका और स्थानीय सरकार ने टिप्पणी करने से मना कर दिया है।

उत्तर भारत में कोहरा बरकरार, 85 ट्रेनें लेट, 7 कैंसिल

नई दिल्ली: उत्तर भारत में घने कोहरे के बीच 85 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं जबकि सात को कैंसिल कर दिया गया है। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस निर्धारित समय से 26 घंटे देरी से चल रही है।

भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ और भागलपुर-नई दिल्ली विक्रमशिला एक्सप्रेस 23 घंटे और वैशाली एक्सप्रेस 25 घंटे देरी से चल रही है।अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा 45 रेलगाड़ियों के समय में परिवर्तन किया गया है।

दिल्ली-मालदा टाउन फरक्का एक्सप्रेस, नई दिल्ली-पुरी एक्सप्रेस, फिरोजपुर कैंट-दिल्ली सराय रोहिल्ला इंटरसिटी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-राजेंद्र नगर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, नई दिल्ली-मंडुआडिह सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हबीबगंज शताब्दी और लखनऊ स्वर्ण शताब्दी को रद्द कर दिया गया है।

विपक्षी दलों ने चुनाव से ठीक पहले बजट पर निर्वाचन आयोग में जताई आपत्ति

नई दिल्ली: विपक्षी दलों ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले आम बजट पेश किए जाने का विरोध करते हुए गुरुवार को निर्वाचन आयोग से संपर्क किया। कांग्रेस के नेतृत्व में जनता दल (युनाइटेड), समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), तृणमूल कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों के प्रतिनिधि निर्वाचन आयोग के दफ्तर पहुंचे।

उन्होंने मतदान शुरू होने से ठीक पहले एक फरवरी को आम बजट पेश किए जाने पर आपत्ति जताई।

निर्वाचन आयोग ने बुधवार को पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया, जिसके मुताबिक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, और मणिपुर में मतदान की प्रक्रिया चार फरवरी से शुरू होकर आठ मार्च को समाप्त होगी और मतगणना 11 मार्च को होगी।

निर्वाचन आयोग पहुंचने से पहले जद (यू) के नेता के.सी. त्यागी ने कहा, "विधानसभा चुनाव के महज तीन दिन पहले केंद्रीय बजट पेश किए जाने से सरकार को न सिर्फ मतदताओं के लुभाने के लिए अनुचित लाभ मिलेगा, बल्कि वास्तव में यह आचार संहिता का उल्लंघन भी है।"

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने भी कहा कि चुनाव से ठीक पहले बजट पेश किया जाना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव को प्रभावित करेगा।

शर्मा ने कहा, "यह सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि ऐसे हालात सामने न आएं, जिससे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रभावित हो। हमने इस संबंध में पहले ही राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को सूचित कर दिया है।"

वहीं, केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि यह कोई मुद्दा ही नहीं है। विपक्षी दल बेवजह इसे तूल देकर सरकार के संवैधानिक कर्तव्य का राजनीतिकरण कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, "बजट सरकार का संवैधानिक कर्तव्य है। इसका किसी राज्य से कोई संबंध नहीं है। बजट (1 फरवरी को) पेश किए जाने का निर्णय अचानक नहीं लिया गया है, बल्कि इस बारे में पहले ही फैसला किया जा चुका है और सभी संबंधित पक्षों को इसकी जानकारी समय रहते दी गई।"

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि बजट का विरोध कांग्रेस और सपा की हताशा को दिखाता है।

उन्होंने कहा, "उत्तराखंड में कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में सपा सरकार में है। उन्होंने पिछले पांच साल के अपने कार्यकाल में कोई काम नहीं किया है और इसलिए वे बजट (1 फरवरी को पेश किए जाने) को लेकर डरे हुए हैं।"

उन्होंने कहा, "बजट एक संवैधानिक अनिवार्यता है और इसका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। देश में लोकसभा, विधानसभा, स्थानीय निकाय अथवा पंचायत चुनाव होते रहे हैं। इनकी वजह से कभी बजट को स्थगित नहीं किया जाता।"

अखिलेश खेमे की अर्जी पर समाजवादी पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी में सुलह की सारी कोशिशें नाकाम होने के बाद अब अखिलेश यादव खेमे की अर्जी पर पार्टी के बैंक अकाउंट्स फ्रीज कर दिए गए हैं। बताया जाता है कि समाजवादी पार्टी के इन बैंक अकाउंट्स में करीब 500 करोड़ की रकम जमा है।


अखिलेश खेमे की इस कार्रवाई को बड़ा कदम बताया जा रहा है। क्योंकि अगर अखिलेश खेमा इस तरह का कदम नहीं उठाता तो दूसरे खेमे की तरफ से विवाद का लाभ उठाने की आशंका जताई जा रही थी। अखिलेश के इस कदम को पार्टी पर पूरा नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक समाजवादी पार्टी के जिन बैंक अकाउंट्स फ्रीज किए गए हैं उनमें 23 करोड़ एसबीआई लखनऊ के ब्रांच में जमा है। 19 करोड़ रुपए बैंक ऑफ बड़ौदा लखनऊ में जमा है। वहीं एसबीआई नई दिल्ली में 5 करोड़ जमा है जबकि 350 करोड़ रुपए विभिन्न बैंकों में फिक्स डिपॉजिट है।

-----------------------------------इन बैंकों में समाजवादी पार्टी के अकाउंट फ्रीज-----------------------------

बैंक ऑफ बड़ौदा- लखनऊ,
बैंक ऑफ बड़ोदा- न्यू कॉलोनी इटावा,
कैनरा बैंक-लखनऊ,
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया-नई दिल्ली,
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया-लखनऊ,
यूपी को-आपरेटिव बैंक लिमिटेड-लखनऊ,
विजया बैंक-लखनऊ

अखिलेश के पक्ष में 206 विधायकों ने हलफनामे पर किए साइन, CM बोले- नेताजी हमारे साथ हैं

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच छिड़े संग्राम में अब सुलह की कोई गुंजाइश नहीं बची है। दोनों ही खेमों से साफ संकेत मिल रहे हैं कि कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं है। मुलायम सिंह यादव, शिवपाल के साथ चुनाव आयोग में हलफनामा दाखिल करने दिल्ली चले गए। सियासी संकट के बीच मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पार्टी विधायकों के साथ बैठक आज सुबह 10 बजे से लखनऊ में उनके आवास पर हुई। वह राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में आजम खां भी मौजूद रहे।


मीटिंग में 206 विधायकों के पहुंचने का दावा किया गया है। कहा जा रहा है कि इन सभी विधायकों ने अखिलेश का साथ देने के लिए एक एफिडेविट पर दस्तखत किए। अखिलेश कैंप विधायकों के हस्ताक्षर वाला खत एक-दो दिन में चुनाव आयोग में जमा करेगा। इस दौरान अखिलेश ने विधायकों को अपने अपने क्षेत्रों में जाकर प्रचार करने को कहा और चुनाव चिन्ह साइकिल अपने पास रहने का 80 फीसदी भरोसा दिया। अखिलेश ने कहा कि सुलह की कोशिश जारी रहेगी और नेताजी से प्रचार कराएंगे। उन्होंने कहा, नेताजी हमारे साथ हैं, उनका आशीर्वाद हमारे साथ है।

वहीं, चुनाव आयोग ने सपा के चुनाव चिन्ह साइकिल को लेकर अखिलेश और मुलायम को 9 जनवरी तक का समय दिया है और एक-दूसरे के दावों पर जवाब देने को कहा है। गौरतलब है कि मुलायम और अखिलेश दोनों खेमे साइकिल पर दावा कर रहे हैं।

सुलह न हो पाने पर एमएलसी सुनील यादव साजन ने कहा कि अखिलेश यादव राजधर्म का पालन करने का फैसला कर रहे हैं। इधर, सपा में चल रही रार खत्म करने के लिए मुलायम सिंह यादव के आवास पर आजम खां, शिवपाल यादव, बलराम यादव, नारद राय व ओम प्रकाश सिंह ने मैराथन बैठक की। इस बैठक में मुलायम सिंह यादव तनाव मुक्त और समझौते को लेकर खासे आश्वस्त भी दिखे।

सपा सूत्रों के मुताबिक, मुलायम ने कहा कि इस तरह के विपरीत हालात उन्होंने पहले भी देखे हैं और उन्हें इन सब चुनौती से निपटने का पुराना अनुभव है, इसलिए चिंता की बात नहीं है। मुलायम ने उम्मीद जताई कि बहुत जल्द रास्ता निकल आएगा। इस बीच, उन्होंने रामगोपाल यादव के खिलाफ आयोग को एक और ज्ञापन भेजा है। रामगोपाल यादव ने 1 जनवरी को एक अधिवेशन बुलाया था, जिसे मुलायम सिंह यादव ने असंवैधानिक बताया था।

एमजीपी ने भाजपा के नेतृत्व वाली गोवा सरकार से समर्थन वापस लिया

पणजी: महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (MGP) ने गठबंधन सहयोगियों के बीच गंभीर मतभेदों के चलते हाल ही में गोवा कैबिनेट से अपने 2 मंत्रियों को बर्खास्त कर दिये जाने के बाद आज भाजपा नीत राज्य सरकार से अपना समर्थर्न वापस ले लिया।


एमजीपी अध्यक्ष दीपक धवलीकर ने गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा को दिए एक पत्र में कहा कि उनके तीन विधायक लक्ष्मीकांत पारसेकर सरकार से अपना समर्थन वापस ले रहे हैं। समर्थन वापसी के कारण भाजपा नीत सरकार के पास 23 विधायकों का समर्थन रह गया है। इसमें भाजपा के 21 और दो निर्दलीय विधायक हैं।

धवलीकर ने पत्र में कहा, मैं आपके सामने यह तथ्य प्रस्तुत करना चाहता हूं कि हमारी पार्टी ने गोवा विधानसभा 2012 के चुनाव के लिए चुनाव पूर्व गठबंधन किया था और पार्टी ने एक प्रस्ताव पारित किया था। उन्होंने कहा, चुनाव परिणामों के मुताबिक, भाजपा-एमजीपी सरकार ने प्रशासन का कार्यर्भार संभाल लिया और विभन्न मुद्दों पर मतभेदों के बावजूद हमारा सहयोग जारी रहा। इन मतभेदों के चलते हाल में कैबिनेट से एमजीपी विधायकों को हटा दिया गया।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा 2017 के विधानसभा की घोषणा होने पर एमजीपी की केन्द्रीय समिति अब तत्काल प्रभाव से भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने के अपने निर्णय की पुष्टि करती है। एमजीपी ने अब भाजपा के साथ रिश्ता तोड़ने का निर्णय लिया है। चुनाव वाले राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ नाराजगी जताए जाने के बाद पिछले महीने एमजीपी नेता दीपक और सुदीप धवलीकर को कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया था।

पटना: प्रकाशोत्सव में शामिल हुए PM मोदी, नीतीश को सराहा

पटना: सिखों के 10वें गुरु, गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली पटना में 350वें प्रकाशोत्सव में भाग लेने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि बिहार में प्रकाश पर्व का उत्साह देश के लिए न केवल प्रेरणा है, बल्कि यह उत्सव देश की एकता का प्रतीक भी है। गांधी मैदान में आयोजित समागम में पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार इस बात का विशेष प्रयास कर रही है कि न केवल हिंदुस्तान में, बल्कि पूरे विश्व को इस बात का अहसास हो कि गुरु गोविंद सिंह जी जैसी दिव्य आत्मा का जन्म यहां हुआ।


प्रकाशोत्सव के सफल आयोजन को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, ‘नीतीश जी ने काफी मेहनत से इस आयोजन को सफल बनाया है। पटना में प्रकाश पर्व की विशेष अहमियत है।’ उन्होंने कहा, "प्रकाशोत्सव पर्व हमें सही रास्ते पर चलना सिखाता है। गुरु गोविंद सिंह जी त्याग की प्रतिमूर्ति थे। त्याग की पराकाष्ठा थे। उन्होंने अपनी आंखों के सामने पिता का बलिदान देखा, तो पुत्रों को भी सच्चाई के लिए बलि चढ़ते देखा। गुरु गोविंद सिंह जी की जिदंगी और उनके त्याग हमेशा इस दुनिया को जीने का तरीका बताते रहे हैं।"

उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत में पंजाबी भाषा में पंच प्यारे का जिक्र करते हुए कहा कि पंच प्यारे ने भारत को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में हम सब की जिम्मेदारी है कि हम उनके आदर्शो से सीखते हुए देश को एकता में बांधने का काम करें। इससे पूर्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी मैदान में बने अस्थायी गुरुद्वारे में मत्था टेका और गुरुवाणी सुनी। वह हवाईअड्डे से सीधे यहां पहुंचे। पटना हवाईअड्डे पर बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया।

चंदौली- अलीनगर थाना क्षेत्र मे आदमखोर तेंदुए को देखकर लोगों में दहशत, पकड़े जाने का इंतजार

चंदौली- जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 मे आदमखोर तेंदुआ देखकर लोगों में दहशत फैल गई है। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर तेंदुए को एक हाते में बंद कर दिया है। वन विभाग की टीम का मौके पर पुलिस के द्वारा इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार,  अलीनगर क्षेत्र के वार्ड 6 के रिहायसी इलाके में तेंदुआ घुसने से लोगों में खलबली मच गई और लोगों ने तेंदुए को देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों की आवाज सुनकर आदमखोर तेंदुआ भागने लगा और जाकर एक सुनसान हाते में छुप गया ।
इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तेंदुआ के हाते में बंद कर दिया और वन विभाग को सूचना दे दी है, लेकिन अभी तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई है। सभी को वन विभाग के टीम का इंतजार है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तो एक आदमखोर जानवर देखे जाने की पुष्टि हुई है, जिसे एक हाते में बंद कर दिया गया है और वन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है।

हुगली- तृणमूल समर्थकों ने मचाया तांडव, रेल अवरोध के दौरान श्रीरामपुर आरक्षण केंद्र में तोड़फोड़, सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ़्तारी के विरुद्ध में तृणमूल कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन, जगह जगह रोकी गयी रेल, मेंन लाइन रेल परिसेवा बुरी तरह से बाधित हुई

हुगली : बुधवार को जिला तृणमूल कांग्रेस के हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने जिले के विभिन्न जगहों पर सांसद सुदीप बंदोपाध्याय के गिरफ़्तारी के विरुद्ध केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते हुए पथावरोध,धरना प्रदर्शन रेल अवरोध आंदोलन चलाया ।
डानकुनी, सिंगूर, गोघाट, चंडीतल्ला,चुचुड़ा, श्रीरामपुर, रिसड़ा इत्यादि में जगह जगह रेल रोकी गयी. प्रतिवाद कर रहे तृणमूल कार्यकर्ताओं ने श्रीरामपुर रेल आरक्षण काउंटर में तोड़फोड़ किया. इसके साथ राष्ट्रीय राजमार्ग 2 पर जाम लगाकर पथावरोध व रैली निकाली गयी वहीँ सिंगूर में तक़रीबन एक घंटे तक रेल रोकी गयी. इसके बाद यह सिलसिला क्रमश जिले के सभी जगहों पर जारी रहा. विरोध कर रहे तृणमूल नेताओं ने बताया कि केंद्र बदले के नीति अपना रही है तृणमूल कार्यकर्ताओं ने जनहित में नोटबंदी का विरोध किया तो उसका बदला लेने के लिए तापस पाल और सुदीप बंदोपाध्याय को सीबीआई से गिरफ्तार करवा दिया गया केंद्र को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे. जल्द ही सुदीप की रिहाही नहीं हुयी ती देश भर में तृणमूल आन्दोलन चलाएगी.
रेलवे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद रेल अवरोध हटाया गया. ज्ञात हो कि रोजवैली चिटफंड मामले में सीबीआई ने दावा किया है कि उनके पास संसद सुदीप के खिलाफ पुख्ता सबूत है जिसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार करके कोलकाता से भुवनेश्वर ले जाया गया। वहीं सुदीप की गिरफ़्तारी से तृणमूल काँग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है इस गिरफ़्तारी के बाद से तृणमूल खेमे में बौखलाहट मच गयी । तृणमूल कार्यकत्ता इस गिरफ़्तारी से तिलमिला गए है।
 तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा किये जा रहे विरोध प्रदर्शन से आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ।रेल रोके जाने, पथावरोध किये जाने और रैलियां निकाले जाने से आम लोगों को ढेरों परेशानियां झेलनी पड़ रही है ।
रिसड़ा में रेल अवरोध विजय सागर मिश्रा' के , श्रीरामपुर में संतोष सिंह के डानकुनी में सुबीर घोष के नेतृत्व में किया गया जिसमे सैकड़ों तृणमूल कार्यकर्ता शामिल रहे

हुगली- भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़-आगजनी, भारत माता की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, राष्ट्रीय ध्वज का अपमान

हुगली : बुधवार को संसाद सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ़्तारी के विरोध में उतरे तृणमूल कार्यकर्ताओं पर चुचुड़ा स्थित भाजपा कार्यालय को तोड़फोड़ के बाद आग के हवाले किये जाने का आरोप लगा है. वही श्रीरामपुर स्थित भाजपा कार्यालय में भी जमके तोड़फोड़ की गयी है. भाजपा हुगली जिलाध्यक्ष भास्कर भट्टाचार्य ने बताया कि बंदेमातरम का नारा लगाते हुए हजारों की  संख्या में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय को तोड़फोड़ के बाद आग के हवाले कर दिया इसके बाद भारत माता की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया और स्ट्रीय ध्वज का अपमान भी किया गया. इस मामले की लिखित शिकायत चुचुड़ा एवं श्रीरामपुर थाने में दर्ज करवाई जा चुकी है. भाजपा के महासचिव प्रणब चक्रबर्ती  ने बताया कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में प्रतिवाद रैली निकाल रहे तृणमूल कार्यकर्ता श्रीरामपुर भाजपा पार्टी कार्यालय में जमके तोड़फोड़ की. कार्यालय में लगी लाइट, पंखे, मुर्तियों को तहसनहस कर दिया गया. इस दौरान पुलिस तमाशबीन बनी रही. पश्चिम बंगाल में अब गुंडा राज व्याप्त हो गया है. कानून व्यवस्था नाम की चीज अब बंगाल में नहीं रही. बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल सच्चाई को दबाना चाहती है. चिटफंड घोटाले में शामिल लोगों को बचाने के लिए खुलकर गुंडागर्दी पर उतर आयी है 

हुगली- नामाकंन को लेकर कॉलेजों में मचा घमाशान, जमकर हुई बम बाजी, पुलिस ने दागे आंसू गेस के गोले, घंटो तक हई बम बजी, तीन पुलिसकर्मी घायल


हुगली : तारकेश्वर के चांपाडांगा स्थित रबिन्द्र नाथ कॉलेज में छात्र संसद के चुनावों के नामांकन को लेकर छात्रों का दो गुट आपस में भीड़ गया. देखते ही देखते समूर्ण कॉलेज परिसर एक रणक्षेत्र में तब्दील हो गया दोनों गुटों के तरफ से जमके बमबाजी हुई जिसमे तीन पुलिसकर्मी घायल हुए है. जिन्हें इलाज के लिए चांपाडांगा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया. घटना की सूचना मिलने पर चंदननगर के एसडीपीओ दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले में हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए जबाबी कारवाही करते हुए आंसूगेस के गोले दागे जिसके  घंटो बाद स्थिति पर काबू पाया गया.. इस मामले में पुलिस ने कई छात्रों को गिरफ्तार किया है. हालाँकि गिरफ्तार हुए छात्रों की सूचि प्राप्त नहीं हुई. इस समस्त घटना में मीडियाकर्मियों समेत चंपाडांगा थाना के द्वितीय अधिकारी पर पर लक्ष्य कर बम फैंके गए  पर इन बमों  की चपेट में आने से बाल बाल बचे. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नामांकन के दौरान छात्रों के साथ कुछ बाहरी असमाजिक तत्व शामिल हो गया जिससे इस घटना को अंजाम दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुटी है. वहीँ इस मामले में कॉलेज प्रिंसिपल सुजाता बनर्जी ने बताया  कि तारकेश्वर नगरपालिका के चेयरमैन सपन सामंत और वाईस चेयरमैन उत्तम कुंडू के आपसी विवाद की भेट कॉलेज चढ़ा है. सपन सामंत के समथकों का एक दल कॉलेज में आया  और जबरन प्रिंसिपल कार्यालय में प्रवेश करके नामांकन सम्बंधित दस्तावेज उठा के ले गए इस दौरन बाहर निकलते वक़्त दूसरा दल पहले दल से भीड़ गया. दूसरी घटना चंदननगर गवर्नमेंट कॉलेज की है वहां भी छात्रों का दो गुट आपस में भीड़ गया. दोनों तरफ से जमके पत्थर बाजी हुई जिसमे एक छात्र का सिर फूट गया.यह दोनों ही गुट तृणमूल छात्र परिषद् का बताया जा रहा है जिसमे चार छात्र घायल हुए है जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया. इस मामले में पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में लिया है. दोनों ही घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई.

हाथरस/सिकन्दराराव- ताजमहल देखने जा रहे उत्तराखंड के दम्पत्ति के साथ वारदात, महिला का गला रेत झाड़ियों में फेंका, पति को बांधकर डाला, पुलिस जांच में जुटी

हाथरस/सिकन्दराराव । उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर से आगरा ताजमहल घूमने जा रहे दम्पत्ति को अज्ञात लोगों को गाड़ी में लिफ्ट देना भारी पड़ गया और अज्ञात बदमाशों ने जहां महिला का गला रेतकर झाड़ियों में फेंक दिया, जबकि पति को बांधकर थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में डाल गये। घटना की सूचना पाकर मौके पर तत्काल पुलिस कप्तान व एएसपी आदि पहुंच गये।
बताया जाता है कि उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर के थाना खुटीमा क्षेत्र के गांव मझौला निवासी नवदम्पत्ति मुकेश करीब 28 वर्ष अपनी करीब 24 वर्षीय पत्नी श्रीमती रजनी के साथ बीते बुधवार को आगरा के लिये ताजमहल देखने चले थे और बीती रात्रि को वह बरेली से चले थे। कयास है कि रात्रि में कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे लिफ्ट मांगी तो उन्होंने अपनी महिन्द्रा केयूवी कार में बिठा लिया।
रात्रि को कार में क्या घटना घटी, इसका अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन आशंकायें हैं कि लिफ्ट मांगने वाले बदमाशों ने उक्त दम्पत्ति से लूटपाट की कोशिश की या कुछ और लेकिन 24 वर्षीय रजनी का गला रेतकर उसे मरणासन्न हालत में कोतवाली सिकन्दराराव क्षेत्र की पुलिस चैकी अगसौली क्षेत्र के गांव विरावर के पास झाड़ियों में फेंक दिया, जबकि पति मुकेश को बांधकर थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में फेंक दिया और उसकी कार भी वही पास में ही मिली है।
आज सुबह लोगों ने महिला को झाड़ियों में पड़े देखा तो लोगों की भीड़ लग गई और सूचना पाकर मौके पर कोतवाली प्रभारी राजवीर सिंह व पुलिस कप्तान दिलीप कुमार व एएसपी संसार सिंह पहुंच गये और महिला को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी भिजवाया जहां से उसे बागला अस्पताल व यहां से भी उसे तत्काल अलीगढ़ रैफर कर दिया गया।
उधर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने महिला के पति मुकेश को बरामद कर उसे भी उपचार हेतु बागला अस्पताल भिजवाया जबकि उसकी कार को भी बरामद कर लिया है। समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला लूट का है या कुछ और है।
घटना के सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह ने बताया कि अभी लूट का मामला नहीं लग रहा है तथा महिला को अभी होश भी नहीं आया है और उसे होश आने पर घटना के बारे में पता चल सकेगा तथा गाड़ी को भी नहीं छीना गया है। 

बुधवार, 4 जनवरी 2017

निर्वाचन आयोग ने की 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा, यूपी में 7 चरणों में चुनाव

नयी दिल्ली: उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में अगले साल फरवरी और मार्च में चुनाव होंगे। उत्तर प्रदेश में 7 और मणिपुर में दो चरणों में मतदान होगा। इन 5 राज्यों की 690 विधानसभा सीटों के लिए 16 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस आशय की घोषणा आज निर्वाचन आयोग ने की। 
निर्वाचन आयोग के अनुसार गोवा और पंजाब में 4 फरवरी को चुनाव होंगे जबकि उत्तराखंड में 15 फरवरी को चुनाव होगा। उधर मणिपुर में 4 और 8 मार्च को चुनाव होंगे जबकि यूपी में चुनाव का पहला चरण 11 फरवरी को और 8 मार्च को सांतवा चरण संपन्न होगा। 
11 मार्च को नतीजों को घोषणा होगी।
आयोग ने बताया कि इन चुनावों के लिए 1 लाख 85 हज़ार पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे जिनमें कुछ मॉडल बूथ भी होंगे।
मतदाताओं की सूचना के लिए बूथ में चार पोस्टर भी लगाए जाएंगे। कुछ क्षेत्रों में जहां महिलाएं पर्दा करती हैं, वहां बूथ में ख़ास इंतज़ाम किए जाएंगे। इन बूथों पर महिला चुनाव अधिकारियों को तैनात किया जाएगा।
आयोग के मुताबिक सभी राज्यों में इलै्ट्रानिक मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए EVM पर उम्मीदवार की फोटो लगाई जाएगी। 
इन राज्यों की 690 विधानसभा सीटों के लिए 16 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस आशय की घोषणा आज निर्वाचन आयोग ने की। 
आयोग ने बताया कि इन चुनावों के लिए 1 लाख 85 हज़ार पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे जिनमें कुछ मॉडल बूथ भी होंगे।
मतदाताओं की सूचना के लिए बूथ में चार पोस्टर भी लगाए जाएंगे। कुछ क्षेत्रों में जहां महिलाएं पर्दा करती हैं, वहां बूथ में ख़ास इंतज़ाम किए जाएंगे। इन बूथों पर महिला चुनाव अधिकारियों को तैनात किया जाएगा।
आयोग के मुताबिक सभी राज्यों में इलै्ट्रानिक मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए EVM पर उम्मीदवार की फोटो लगाई जाएगी। 
पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर की विधानसभाओं का मार्च के मध्य में, जबकि उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल मई में समाप्त हो जाएगा।
कानून के मुताबिक, किसी भी विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने से पहले वहां चुनाव होने चाहिए।
चुनाव आयोग ने पिछले सप्ताह उन पांच राज्यों को चुनाव की तैयारियां शुरू करने को कहा था, जहां चुनाव होने हैं। आयोग ने साथ ही चुनाव की घोषणा होने के तुरंत बाद से आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने को भी कहा।
--------------------------------------------------उत्तर प्रदेश---------------------------------------

403 सद्स्यीय यूपी विधानसभा में समाजवादी पार्टी की 224, बीएसपी 80, बीजेपी 47 और कांग्रेस की 28 सीटे हैं। क़ौमी एकत दल की भी दो सीटें थी लेकिन अब इसका विलय सपा में हो गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2012 में कुल 59.40 फीसदी मतदान हुआ था। कुल 6839 प्रत्याशियों में 583 महिलाएं चुनाव लड़ी थीं जिनमें से 35 जीती थी। 
-----------------------------------------------------------पंजाब--------------------------------------------
इसी तरह 117 सदस्यीय पंजाब विधान सभा में अकाली शिरोमणी दल की 56, कांग्रेस की 46 और बीजेपी की 12 सीटें हैं। यहां 2012 में कुल 78.20 फीसदी मतदान हुआ था। कुल 1078 प्रत्याशियों में 93 महिलाएं चुनाव लड़ी थीं जिनमें से 14 विजेता बनी थी। 
----------------------------------------------------------उत्तराखंड-----------------------------------------------
70 सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा में कांग्केस की 32, बीजेपी की 31 और बीएसपी की 3 सीटे हैं। तीन निर्दलीय हैं। विधानसभा चुनाव 2012 में कुल 66.17 फीसदी मतदान हुआ था। कुल 788 प्रत्याशियों में 63 महिलाएं चुनाव लड़ी थीं जिनमें से 5 विजेता बनी थी। 
----------------------------------------------------------गोवा--------------------------------------------------------
गोवा विधानसभा (40 सीट) में बीजेपी की 21 कांग्रेस की 9 और महाराण्ट्र गोमंतक की 3 सीटे हैं। 5 निर्दलीय तथा दो सीटें गोवा विकास पार्टी की हैं। 2012 में कुल 81.73 फीसदी मतदान हुआ था। कुल 215 प्रत्याशियों में 10 महिलाएं चुनाव लड़ी थीं जिनमें से 1 विजेता बनी थी। 
-------------------------------------------------------मणिपुर--------------------------------------------
मणिपुर विधानसभा (60 सीट) में कांग्रेस की 42 सीटें हैं जबकि बीजेपी का खाता नही खुला था। 2012 में कुल 79.19 फीसदी मतदान हुआ था। कुल 279 प्रत्याशियों में 15 महिलाएं चुनाव लड़ी थीं जिनमें से 3 विजेता बनी थी। 

अमेठी में एक परिवार के 11 लोगों की हत्या, मरने वालों में 6 बच्चे भी

उत्तर प्रदेश के अमेठी में ‌‌दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां बुधवार तड़के एक ही परिवार के 10 लोगों की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। मरने वालों में 6 बच्चे हैं। घर के मुखिया की लाश फंदे पर लटकी मिली  है। इस हादसे से हड़कंप मच गया है। 
 
घटना अमेठी जिले के बाजार शुक्ल थाने के महोना गांव की है। ख़बर के मुताबिक सभी को धारदार हथियार से मारा गया है जबकि परिवार का मुखिया जमालुद्दीन (45) की बॉडी फांसी के फंदे से लटकी मिली।
परिवार में में सिर्फ जमालुद्दीन की पत्नी बची है, जिसे बेहोशी की हालत में सीएचसी जगदीशपुर में भर्ती कराया गया है। पत्नी के होश में आते ही मामले की वजह सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आईजी और डीआईजी ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।
ग्रामीण इस बात की भी आशंका जता रहे हैं परिवार के मुखिया ने सभी को नशीला पदार्थ खिलाने के बाद मारा और फिर फांसी लगा ली। 

60 करोड़ में बना सीएम हाउस हुआ प्रेत बाधा का शिकार, 7 साल में 3 सीएम की मौत

ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री के सरकारी घर को अभिशप्त माना है। अब आगे से कोई भी मुखयमंत्री इस घर में नहीं रहेगा। 60 करोड़ की लागत से यह बंगला 7 साल पहले ही तैयार हुआ था। इन सात सालों में प्रदेश के पांच सीएम बदल चुके हैं। बता दें कि पूर्व सीएम कालिखो पुल ने भी इसी बंगले में आत्महत्या की थी।



---------------------------------------------गेस्ट हाउस बनेगा ये बंगला---------------------------------------------


अब इतना डर बैठ चुका है कि मौजूदा सीएम पेमा खांडू अभी तक इस घर में शिफ्ट नहीं हुए है और वह अपने निजी आवास में ही रहते हैं। यब बंगला अब गेस्ट हाउस बनेगा। तीन मुख्यमंत्रियों और एक कर्मी की असामयिक मौत ने आम जनता के साथ-साथ सरकार को भी इसे भुतहा मानने पर मजबूर कर दिया जिसके चलते इस बंगले में पूजा-पाठ कराने के बाद इसे गेस्ट हाउस में तब्दील किया जा रहा है।



2794 वर्ग मीटर क्षेत्र पर बने बंगले का काम पीडब्ल्यूडी ने किया था। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा की मौजूदगी में विशेष पूजा के बाद 14 नवंबर, 2009 को पहली बार दोरजी खांडू इसमें शिफ्ट हुए थे।


--------------------------------------यहां रहे इन 3 मुख्यमंत्रियों की हुई असामयिक मौत----------------------------------


2009 में तत्कालीन सीएम दोरजी खांडू यहां शिफ्ट हुए। इसके बाद हेलीकॉप्टर हादसे में उनकी मौत हो गई थी।

खांडू के बाद जारबोन गैमलिन 6 महीने तक सीएम रहे। इस्तीफा देने के कुछ समय बाद अचानक 53 साल की उम्र में मौत हो गई।

पिछले साल ही सीएम बने कालिखो पुल का शव 9 अगस्त 2016 को एक कमरे में फंदे पर लटका मिला।

कालिखो पुल की मौत के 2 महीने बाद ही बंगले का एक कर्मचारी भी संदिग्ध हालात में उनके पास वाले कमरे में फंदे पर लटका पाया गया।

पंडित ने बताया था वास्तु दोष


मुख्यमंत्री रहते हुए नबाम तुकी ने गुवाहाटी के एक वास्तु पंडित से बंगले की जांच करवाई थी। पंडित ने इसमें कुछ वास्तु दोष बताए थे। 

SP विधायक के गनर के खाते में आए 99 करोड़ 99 लाख रूपए

कानपुर: सीसामउ विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के विधायक के गनर सिपाही गुलाम जीलानी के स्टेट बैंक के खाते में अचानक 99 करोड़ 99 लाख 2724 रूपये आ गये। गनर को इस बात का पता एटीएम स्टेटमेंट की रसीद से चला।


विधायक ने इस बात की शिकायत कानपुर के जिलाधिकारी से की। उन्होंने इस बात की जानकारी स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक को दी। उसके बाद बैंक ने गनर के खाते पर रोक लगा दी।


कानपुर के जिलाधिकारी डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि समाजवादी पार्टी विधायक इरफान सोलंकी ने उन्हें बताया कि उनके गनर सिपाही गुलाम जिलानी का स्टेट बैंक आफ इंडिया की माल रोड शाखा में खाता है। कल रात वह एटीएम से चार हजार रूपया निकलाने गया तो पैसा नहीं निकला। बाद में उसने बैलेंस चेक किया तो हैरान रह गया कि उसके एकाउंट में 99 करोड़, 99 लाख 2724 आ गये हैं। इस पर आज सुबह विधायक अपने गनर और एटीएम की स्लिप लेकर हमारे पास आये।


उन्होंने बताया कि उन्होंने आज इस मामले पर बैंक के उप महाप्रबंधक से बात की है तथा विधायक के गनर को बैंक में इस बारे में एक आवेदन देने को कहा है। उन्होंने बताया कि बैक ने गनर जीलानी के खाते पर फिलहाल रोक लगा दी है। वह उस खाते से फिलहाल पैसा नहीं निकाल पाएगा।

विधायक सोलंकी का गनर गुलाम जिलानी कानपुर के जाजमउ इलाके में किराये के कमरे में रहता है तथा वह पडरौना जिले का रहने वाला है। विधायक स्वयं इस मामले में बैंक के अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं।


कानपुर शहर में पहली बार किसी के बैंक खाते में इतनी बड़ी रकम आयी है।

महेंद्र सिंह धोनी ने छोड़ी कप्तानी, अब शुरू होगा 'विराट' युग

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी के वनडे और टी-ट्वेंटी मैचों से कप्तानी छोड़ने के बाद अब विराट कोहली की जिम्मेदारी बढ़ सकती है। जानकारों की मानें तो विराट कोहली को वनडे और टी-ट्वेंटी मैचों में कप्तानी का दायित्व सौंपा जा सकता है। खुद कप्तान धोनी भी कई बार सार्वजनिक तौर पर विराट कोहली के खेल की तारीफ कर चुके हैं।
   धोनी ने 199 वनडे मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी की जिसमें 110 मैचों में टीम को जीत मिली और 74 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। वहीं टी-ट्वेंटी मैचों की बात करें तो धोनी ने 72 टी-ट्वेंटी मैचों में कप्तानी की जिसमें 41 मैचों में टीम इंडिया को जीत मिली और 28 मैचों में हार का सामना करना पड़ा।

​महेंद्र सिंह धोनी ने दिसंबर 2014 में मेलबर्न टेस्ट के बाद टेस्ट मैचों की कप्तानी छोड़ दी थी। लेकिन वनडे और टी-ट्वेंटी में वे कप्तान बने रहे।

नोटबंदी- RBI के प्रवेश द्वार पर ‘टॉपलेस’ हुई महिला, हक्के-बक्के रह गए सुरक्षा कर्मी

नई दिल्ली: अपने कुछ पुराने नोट बदलवाने में सफल नहीं होने पर एक गरीब और हताश महिला ने आज यहां आरबीआई के क्षेत्रीय कार्यालय के सामने अपने कपड़े उतार कर विरोध जताया।


महिला के साथ उसका बच्चा भी था और वह पुराने नोट बदलने का बार बार अनुरोध कर रही थी लेकिन इमारत के बाहर खड़े गार्ड ने जब उसे लौटा दिया तो उसकी आंखों में आंसू आ गए। वह इसके विरोध में आरबीआई के प्रवेश द्वार के सामने धरने पर बैठ गई।

जब गार्डों ने उसे जबरन प्रवेश द्वार से हटाने की कोशिश की तो गुस्से में उसने अपने कपड़े उतार दिए जिससे आसपास के लोग और सुरक्षा कर्मी हक्का-बक्का रह गए। बाद में आरबीआई के गार्डों ने पुलिस को सूचना दी और महिला को उसके बच्चे के साथ थाने ले जाया गया और इस तरह से हाईप्रोफाइल इमारत पर यह नाटक खत्म हुआ। आरबीआई का यह कार्यालय संसद भवन से चंद कदमों की दूरी पर है।

नोट बदलवाने आए कुछ सेवानिवृत्त बुजुर्ग व्यक्तियों सहित अन्य लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आठ नवंबर को अपने संबोधन में वायदा किया था कि पुराने नोटों को 31 मार्च तक आरबीआई के चुनिंदा दफ्तरों में बदलवाया जा सकता है, लिहाजा सरकार को इससे पीछे नहीं हटना चाहिए।