हाथरस/सिकन्दराराव । उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर से आगरा ताजमहल घूमने जा रहे दम्पत्ति को अज्ञात लोगों को गाड़ी में लिफ्ट देना भारी पड़ गया और अज्ञात बदमाशों ने जहां महिला का गला रेतकर झाड़ियों में फेंक दिया, जबकि पति को बांधकर थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में डाल गये। घटना की सूचना पाकर मौके पर तत्काल पुलिस कप्तान व एएसपी आदि पहुंच गये।बताया जाता है कि उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर के थाना खुटीमा क्षेत्र के गांव मझौला निवासी नवदम्पत्ति मुकेश करीब 28 वर्ष अपनी करीब 24 वर्षीय पत्नी श्रीमती रजनी के साथ बीते बुधवार को आगरा के लिये ताजमहल देखने चले थे और बीती रात्रि को वह बरेली से चले थे। कयास है कि रात्रि में कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे लिफ्ट मांगी तो उन्होंने अपनी महिन्द्रा केयूवी कार में बिठा लिया।
रात्रि को कार में क्या घटना घटी, इसका अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन आशंकायें हैं कि लिफ्ट मांगने वाले बदमाशों ने उक्त दम्पत्ति से लूटपाट की कोशिश की या कुछ और लेकिन 24 वर्षीय रजनी का गला रेतकर उसे मरणासन्न हालत में कोतवाली सिकन्दराराव क्षेत्र की पुलिस चैकी अगसौली क्षेत्र के गांव विरावर के पास झाड़ियों में फेंक दिया, जबकि पति मुकेश को बांधकर थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में फेंक दिया और उसकी कार भी वही पास में ही मिली है।
आज सुबह लोगों ने महिला को झाड़ियों में पड़े देखा तो लोगों की भीड़ लग गई और सूचना पाकर मौके पर कोतवाली प्रभारी राजवीर सिंह व पुलिस कप्तान दिलीप कुमार व एएसपी संसार सिंह पहुंच गये और महिला को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी भिजवाया जहां से उसे बागला अस्पताल व यहां से भी उसे तत्काल अलीगढ़ रैफर कर दिया गया।
उधर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने महिला के पति मुकेश को बरामद कर उसे भी उपचार हेतु बागला अस्पताल भिजवाया जबकि उसकी कार को भी बरामद कर लिया है। समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला लूट का है या कुछ और है।
घटना के सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह ने बताया कि अभी लूट का मामला नहीं लग रहा है तथा महिला को अभी होश भी नहीं आया है और उसे होश आने पर घटना के बारे में पता चल सकेगा तथा गाड़ी को भी नहीं छीना गया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें